गाजीपुर : गाजीपुर में घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य, 26,702 सिलेंडर उपलब्ध; 5 दिनों में 111 शिकायतों में से 64 का निस्तारण

गाजीपुर में घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य, 26,702 सिलेंडर उपलब्ध; 5 दिनों में 111 शिकायतों में से 64 का निस्तारण
गाजीपुर, 18 मार्च 2026।जनपद गाजीपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर आपूर्ति विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और उपभोक्ताओं को नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है।जारी सूचना के अनुसार 18 मार्च 2026 को जनपद में 26,702 घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं 17 मार्च 2026 को 7,910 सिलेंडरों की बिक्री हुई तथा 8,712 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई। तुलना में 17 मार्च 2025 को 11,776 सिलेंडरों की बिक्री और 11,757 सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी। आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में बुकिंग के सापेक्ष उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है।आपूर्ति विभाग द्वारा एजेंसीवार समीक्षा में पाया गया कि सभी गैस एजेंसियां निर्धारित नियमों के तहत उपभोक्ताओं को समय पर गैस की आपूर्ति कर रही हैं। 18 मार्च को पूर्ति निरीक्षक सैदपुर और कासिमाबाद द्वारा 3 गैस एजेंसियों की जांच भी की गई, जिसमें आपूर्ति व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।विभाग के अनुसार 14 मार्च से 18 मार्च 2026 के बीच जनपद स्तरीय आपदा कंट्रोल रूम में गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 64 का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर दिया गया है।आपूर्ति विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उपभोक्ता अपनी शिकायत ऑयल कंपनियों के टोल फ्री नंबर 1800-2333-555 पर दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा जनपद स्तरीय आपदा कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0548-2224041 पर भी शिकायत एवं सुझाव दिए जा सकते हैं, जिनका त्वरित समाधान किया जा रहा है।



