गाजीपुर : ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत

गाजीपुर
ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत
गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में किसान की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान लोहजरा गांव निवासी 55 वर्षीय विजय शर्मा के रूप में हुई है। यह हादसा फरिदहा हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ, जहां उनका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार विजय शर्मा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पोखरा मोड़ स्थित एक दुकान से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के जरिए परिजनों ने शव की पहचान की। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी सरोजा देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



