हर श्रद्धालु VIP: काशी विश्वनाथ धाम में ‘सॉफ्ट स्किल’ से स्वागत करेगी वाराणसी पुलिस

हर श्रद्धालु VIP: काशी विश्वनाथ धाम में ‘सॉफ्ट स्किल’ से स्वागत करेगी वाराणसी पुलिस

महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा विशेष गोष्ठी आयोजित कर पुलिस कर्मियों को सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रद्धालु-उन्मुख, संवेदनशील एवं गरिमामय पुलिसिंग सुनिश्चित करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आत्मीय अनुभव मिल सके।
🔹 सम्मान से संवाद, हाथ जोड़कर स्वागत
प्रशिक्षण के दौरान निर्देशित किया गया कि सभी पुलिसकर्मी प्रत्येक श्रद्धालु को “सर” एवं “मैडम” कहकर संबोधित करेंगे। मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मी हाथ जोड़कर अभिवादन एवं स्वागत करेंगे, जिससे आध्यात्मिक वातावरण के अनुरूप सौहार्दपूर्ण छवि स्थापित हो सके।
🔹 संयम और संवेदनशीलता पर विशेष जोर
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लंबी यात्रा और भीड़ के कारण श्रद्धालु अधीर हो सकते हैं, लेकिन पुलिस कर्मियों को हर परिस्थिति में संयमित, विनम्र और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखते हुए धैर्यपूर्वक काउंसलिंग करनी होगी।
🔹 प्राथमिकता सहायता व्यवस्था
वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
🔹 सीसीटीवी से होगी सतत निगरानी
मंदिर परिसर में तैनात पुलिस कर्मियों के व्यवहार की निगरानी कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के माध्यम से की जाएगी। किसी भी प्रकार की अभद्रता या अनुचित आचरण पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि वर्दी केवल अनुशासन का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और विश्वास का दायित्व भी है। महाशिवरात्रि जैसे पावन अवसर पर प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सम्मानजनक अनुभव प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।



