गाजीपुर : 22 फरवरी को गाजीपुर में लगेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर

22 फरवरी को गाजीपुर में लगेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर
गाजीपुर, 09 फरवरी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर (मेगा शिविर) के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत, गाजीपुर ने की।नोडल अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को जनपद गाजीपुर के समस्त सरकारी विभागों द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में कैम्प लगाया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस मेगा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, निर्बल एवं निर्धन वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन सहित समाज के कमजोर वर्गों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करना है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना ने बताया कि विधिक सहायता एवं सेवा शिविर से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर कार्यालय में संपर्क कर सकता है।बैठक में जिला सूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला पशुपालन अधिकारी, जिला मत्स्य पालन अधिकारी, जिला महिला एवं बाल कल्याण अधिकारी, प्राचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, परियोजना निदेशक डूडा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सहायक आयुक्त जीएसटी, जिला बाट-माप अधिकारी, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक अधिकारी, दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र समन्वयक, जिला सेवायोजन अधिकारी सहित नगर पालिका परिषद गाजीपुर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



