गाजीपुर : अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ राकेश कुमार मिश्रा ने थाना कोतवाली सैदपुर का किया अर्धवार्षिक निरीक्षण

अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ राकेश कुमार मिश्रा ने थाना कोतवाली सैदपुर का किया अर्धवार्षिक निरीक्षण

गाजीपुर, 09 फरवरी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर, गाजीपुर द्वारा सोमवार को थाना कोतवाली सैदपुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्पूर्ण थाना परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कम्प्यूटर कक्ष सहित थाने में संधारित अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या एवं बलवा से संबंधित रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यावधिक एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय एवं बैरकों की साफ-सफाई और अनुशासन का भी अवलोकन किया तथा स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा थाने पर स्थापित साइबर सेल का निरीक्षण कर साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।इसके साथ ही महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए महिला पुलिसकर्मियों को फरियादियों से शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।अंत में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने प्रभारी निरीक्षक सैदपुर सहित समस्त पुलिसकर्मियों को लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण तथा थाना क्षेत्र में अपराध व अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।



