Breaking Newsभारत

गाजीपुर (जखनियां) : हाईवे किनारे कबाड़ गोदाम में अराजक तत्वों की आगजनी, लाखों का नुकसान, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

हाईवे किनारे कबाड़ गोदाम में अराजक तत्वों की आगजनी, लाखों का नुकसान, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

गाजीपुर (जखनियां)। जखनियां तहसील अंतर्गत ग्राम सभा कुर्ला निवासी संदीप कुमार पुत्र रामधनी राम के कबाड़ गोदाम में अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एनएच-124डी हाईवे पर धार हमीरपुर के पास स्थित गोदाम में बीती रात 06 फरवरी 2026 को करीब 12:50 बजे आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया।

रात में संदीप कुमार के परिवार का एक सदस्य बाहर निकला, तभी उसने गोदाम से उठती आग की लपटें देखीं। तत्काल शोर मचाकर परिवारजनों व गांव वालों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और स्थानीय थाना बोरकूड़ा तथा फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गोदाम में कई टन स्क्रैप रखा हुआ था, यदि आग पूरी तरह फैल जाती तो भारी तबाही हो सकती थी, लेकिन गांव वालों की तत्परता और प्रशासन की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।

आग बुझाने के दौरान कुछ ग्रामीण झुलस भी गए। जानकारी के अनुसार रवि कुमार, सोनू चौहान तथा शमसुद्दीन के पैर झुलसने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग कुछ समय के लिए विकराल रूप ले चुकी थी। गोदाम स्वामी संदीप कुमार ने बताया कि गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से लगभग 10 मिनट पहले दो बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति गोदाम के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके जाने के कुछ देर बाद ही आग लगने की घटना हुई।

संदीप कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है, इसके बावजूद यह कृत्य अराजक तत्वों द्वारा किया गया प्रतीत होता है। उन्होंने मामले की तहरीर स्थानीय थाने में दे दी है। आगजनी से करीब 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन ऐसे अराजक तत्वों के विरुद्ध क्या ठोस कार्रवाई करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button