Breaking Newsभारतराजनीति

लखनऊ जलशक्ति मंत्री को बंधक बनाने वाले भाजपा विधायक के खिलाफ नोटिस जारी, 7 दिन में मांगा गया जवाब

लखनऊ जलशक्ति मंत्री को बंधक बनाने वाले भाजपा विधायक के खिलाफ नोटिस जारी, 7 दिन में मांगा गया जवाब

यूपी के जल शक्ति कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को बंधक बनाने वाले भाजपा विधायक के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है और सात दिन में जवाब मांगा गया है।

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को बंधक बनाने वाले भाजपा विधायक के खिलाफ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक बृजभूषण राजपूत से मामले पर सात दिन में जवाब मांगा है।

बीती 30 जनवरी को मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा के एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जहां से लौटने पर चरखारी विधायक बृजभूषण सिंह ने उन्हें रोककर बंधक बना लिया। इससे पार्टी नेतृत्व के सामने असहज करने वाली स्थिति उत्पन्न हो गई। अब पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने उनसे मामले पर सात दिन में जवाब मांगा है।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को रोकने के बाद भाजपा विधायक का एक और वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह कहते हुए सुने जा सकते थे कि अगर जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री को भी रोकेंगे। बंधक बनाना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। ये मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि जनता और विकास से जुड़ा मुद्दा है।

ये है भाजपा विधायक का पूरा बयानवायरल वीडियो में चरखारी विधायक कह रहे थे कि मैं अपनी बात सड़क पर रख रहा हूं, तो इसमें किसी को आपत्ति क्यों हो रही है। आप सब का आशीर्वाद था, तो मंत्री जी को रोका है। यह जनता की और विकास की बात है। मैं यह बात कमरे में क्यों करूं, सड़क पर क्यों नहीं कर सकता। अगर मैंने सड़क पर अपनी बात रखी तो कुछ लोगों को दिक्कत क्यों हो रही है। किसी ठेके, पट्टे या पदोन्नति की मांग नहीं कर रहे बल्कि केवल क्षेत्र की समस्याएं उठा रहे हैं। ऐसे में मुझे गलत ठहराना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, उस समय जो अधिकारी काम नहीं करता था, उसे चूड़ियां पहनवा देते थे। बंधक बनाना मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है। वायरल वीडियो में विधायक ने कहा कि यह मेरा विधायक वाला रूप है। विधायक बनने से पहले मैं बुंदेलखंड अधिकार सेना चलाता था और बाद में भाजपा का सदस्य बना। जब से भाजपा का सदस्य बना हूं, मैं पार्टी के अनुशासन में रहता हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button