17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान,प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़े जाएंगे नागरिक

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान,प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़े जाएंगे नागरिक
गाजीपुर, 12 सितंबर 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने शासन के निर्देशों के क्रम में अभियान के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाना है। अभियान का उद्देश्य व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए माननीय प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूल वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।बैठक में बताया गया कि सभी विभागों के प्रमुख विकास कार्यों एवं अवस्थापना परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानों, पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। विद्यालयों में ड्राइंग, भाषण आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्यों से जोड़ा जाएगा।इसी क्रम में ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं तथा लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा।अभियान के दौरान प्रदेश की वृहद अवस्थापना एवं जनोपयोगी परियोजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ एवं ‘विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। विकास खंडों में सेवा शिविर, स्वास्थ्य मेले, मानव समूह तथा रंगोली कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा जनभागीदारी से अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमों का सकुशल एवं समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं वीडियो समय से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



