भारत

‘सरकार आपके द्वार’ जन चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं,सिधउत में अन्नपूर्णा भवन का शुभारंभ, रोजगार सेवक की अनुपस्थिति पर वेतन रोकने के निर्देश

— वेद प्रकाश पांडेय जिला संवाददाता, गाजीपुर

 

‘सरकार आपके द्वार’ जन चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं,सिधउत में अन्नपूर्णा भवन का शुभारंभ, रोजगार सेवक की अनुपस्थिति पर वेतन रोकने के निर्देश

गाजीपुर, 09 जून 2026। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 05 जून से 21 जून 2026 तक संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड कासिमाबाद की ग्राम पंचायत सिधउत में “गांव की समस्या गांव में” एवं “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत भव्य जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। जन चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था।जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, पेंशन, राजस्व संबंधी मामलों तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद से संबंधित सभी मामलों का पृथक रजिस्टर तैयार कर व्यवस्थित रूप से निस्तारण कराया जाए। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, व्यक्तिगत शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का विशेष अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाए।जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत सिधउत में निर्मित अन्नपूर्णा भवन का संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत भवन, बारात घर एवं अंत्येष्टि स्थल की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सिधउत के रोजगार सेवक की चौपाल में अनुपस्थिति एवं कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उसका वेतन रोकने के निर्देश जारी किए।चौपाल में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर जनता की समस्याओं का समाधान करने तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं तथा गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button