
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन एसपी ने किया पैदल गश्त, आमजन को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
बाजारों और प्रमुख मार्गों पर रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
गाजीपुर।शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन जनपद में शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों, दुकानदारों एवं प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की।पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में यह पैदल गश्त कोतवाली क्षेत्र की विशेश्वरगंज पुलिस चौकी से प्रारंभ हुई। पुलिस टीम लंका, बस स्टैंड और स्टेशन रोड होते हुए मालगोदाम तक पहुंची। इस दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया। रूट मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को त्योहार के मद्देनजर पूरी सतर्कता एवं सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मुस्तैदी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और आमजन सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों एवं व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित किया। लोगों से शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ शारदीय नवरात्र मनाने की अपील की गई। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के साथ ही आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है।इस विशेष पैदल गश्त एवं रूट मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।



