विश्व साक्षरता दिवस पर 75 उत्कृष्ट शिक्षकों का होगा सम्मान

विश्व साक्षरता दिवस पर 75 उत्कृष्ट शिक्षकों का होगा सम्मान
गोरखपुर। विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश, गोरखपुर मंडल की ओर से मंगलवार, 08 सितम्बर 2026 को नौवां “मण्डलीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 एवं शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी” आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अपराह्न 2 बजे से राधाकृष्णन सभागार, डायट गोरखपुर में होगा।
समारोह में गोरखपुर मंडल के 75 उत्कृष्ट शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के शिक्षकों, विशेष शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों सहित उच्च सेवाओं में पदस्थापित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही शैक्षिक गुणवत्ता एवं नवाचार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद डॉ. धर्मेंद्र सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता बेसिक शिक्षा उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व संयुक्त सचिव वेदप्रकाश राय करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में सहायक निदेशक देवीपाटन मंडल रामसागर पति त्रिपाठी, पूर्व बीएसए मुनिराम सिंह, डायट प्राचार्य गोरखपुर अभिषेक कुमार पाण्डेय, डायट प्राचार्य संत कबीर नगर डॉ. नरेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रावस्ती सत्येंद्र कुमार सिंह, विधान परिषद सूचना अधिकारी कुमुद मानसी द्विवेदी, बीएसए गोरखपुर धीरेन्द्र त्रिपाठी, बीएसए कुशीनगर अनिल सिंह, बीएसए देवरिया राम जियावन मौर्य तथा बीएसए महराजगंज सुरजीत सिंह सहित कई अधिकारी एवं शिक्षाविद शामिल होंगे।
इसके अलावा वरिष्ठ प्रवक्ता डायट देवरिया इंद्रजीत ओझा, वरिष्ठ प्रवक्ता डायट प्रमोद तिवारी व चंद्रभूषण पाण्डेय, खंड शिक्षा अधिकारी गोला उदय शंकर राय तथा मंडल कोऑर्डिनेटर नीतिन त्रिपाठी की भी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम की जानकारी संयोजक एवं प्रदेश मंत्री/जिलाध्यक्ष गोरखपुर तारकेश्वर शाही तथा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दी। आयोजकों ने बताया कि सम्मान समारोह के साथ आयोजित शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और शिक्षकों की भूमिका पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया जाएगा।


