Breaking Newsभारत

अब रिजल्ट दिखेगा – नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ

अब रिजल्ट दिखेगा – नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ

*अपराधी ट्रैक पर, फरियादियों को तुरंत राहत का भरोसा ,तेज सख्त और टेक्निकल होगी पुलिसिंग*

नए एसएसपी का साफ संदेश अपराधियों पर वार, जनता को बेहतर सर्विस

जीरो टॉलरेंस, तुरंत निस्तारण, टेक्निकल ट्रैकिंग”—मीडिया से बोले, काम से दिखेगा फर्क

गोरखपुर। पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने मीडिया से रूबरू होते हुए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कहा कि जनपद में पहले से हो रहे अच्छे कार्य जारी रहेंगे, लेकिन पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा। शासन और पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार काम करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

एसएसपी ने कहा कि आम जनता को बेहतर सर्विस और बेहतर डिलीवरी देना ही उनका लक्ष्य है। थाना दिवस और थानों पर होने वाली जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण यथासंभव थाना स्तर पर और तय समय में किया जाएगा।

अपराधियों पर अभियान, पुराने बदमाश रहेंगे ट्रैक पर

उन्होंने साफ किया कि अपराधियों के खिलाफ शासन की मंशा अनुरूप अभियान चलाया जाएगा।

पुराने अपराधियों को चिन्हित कर उन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

इसके लिए टेक्निकल टीम और इंटेलिजेंस यूनिट को सक्रिय किया जाएगा, ताकि अपराध पर पहले ही लगाम लग सके।

नए आरक्षी, नई ऊर्जा

एसएसपी ने बताया कि आने वाले नए आरक्षियों को बेहतर और आधुनिक पुलिसिंग में लगाया जाएगा। इससे थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता को तेजी से राहत मिलेगी।

सीमाओ पर बढ़ेगा तालमेल

अंतर्जनपदीय सीमाओं को और मजबूत करने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि पड़ोसी जिलों के साथ समन्वय बढ़ाकर अपराधियों की आवाजाही पर रोक लगेगी।

आसपास के जिलों की अच्छी व्यवस्था का लाभ गोरखपुर को भी मिलेगा।

साइबर फ्रॉड में देरी नहीं—तुरंत सूचना

एसएसपी ने कहा कि ऑनलाइन ठगी के मामलों में सबसे अहम है तुरंत सूचना देना।

जितनी जल्दी पुलिस को जानकारी मिलेगी, उतनी जल्दी संबंधित खाते को होल्ड कराकर पैसे रोके जा सकते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि बिना देर किए तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

जाम से राहत दिलाने की तैयारी

शहर की ट्रैफिक समस्या पर उन्होंने बताया कि एसपी ट्रैफिक के साथ बैठक कर निर्देश दिए गए हैं। आगे ठोस प्लान बनाकर जाम से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

होली पर रहेगी विशेष नजर

आने वाले होली पर्व को देखते हुए उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जल्द ही बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

सही को सही, गलत को गलत

एसएसपी ने दो टूक कहा—

“किसी को विशेष तवज्जो नहीं मिलेगी। सही को सही और गलत को गलत माना जाएगा।”

उन्होंने कहा कि पुलिस समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाती है और उसी सोच के साथ काम होगा।

टीम युवा, काम होगा सुपरफास्ट

उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि टीम ऊर्जावान है। बेहतर समन्वय रहेगा तो समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव होगा।

“ग्रे एरिया तब बनता है जब प्रयास नहीं किया जाता,” उन्होंने कहा।

पशु तस्करों पर कड़े कदम

एसएसपी ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि पशु तस्करी रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई होगी कि तस्कर आगे याद रखेंगे।

हम बोलने पर नहीं, काम पर विश्वास करते हैं

मीडिया वार्ता में उन्होंने बार-बार दोहराया कि उनका फोकस सिर्फ रिजल्ट पर है।

बालों पर मजाकिया जवाब, गूंजे ठहाके

पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में जब बालों को लेकर सवाल हुआ तो मुस्कुराते हुए बोले,“वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हैं, तो उसी हिसाब से बाल भी दिखने चाहिए।”

इस पर सभागार में हंसी छा गई।

मीडिया वार्ता के बाद यह स्पष्ट हो गया कि नई कप्तानी में अनुशासन, टेक्नोलॉजी, तेज कार्रवाई और जवाबदेही मुख्य आधार होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button