Breaking Newsभारत

लखनऊ में मौसम ने ली करवट: सुबह थी तेज धूप, शाम को झमाझम बारिश; अगले 2 दिन भारी बरसात का अलर्ट

लखनऊ में मौसम ने ली करवट: सुबह थी तेज धूप, शाम को झमाझम बारिश; अगले 2 दिन भारी बरसात का अलर्ट

*लखनऊ।* राजधानी लखनऊ में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से दोपहर तक तेज धूप निकली और मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बढ़ गई। शाम करीब 4 बजे सरोजनीनगर, मलिहाबाद, हजरतगंज समेत कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई।

*कितनी हुई बारिश?*
लगातार 4 दिन तक बारिश के बाद 5 सितंबर को राजधानी में बरसात नहीं हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक इस मानसून सीजन में 1 जून से 4 सितंबर तक कुल 608.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का औसत 543.9 मिमी है। यानी इस साल अब तक सामान्य से 12% ज्यादा बरसात हो चुकी है।

*आज का तापमान*
रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था, और न्यूनतम 25.8 डिग्री, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा रहा। अधिकतम आर्द्रता 93% और न्यूनतम 65% दर्ज की गई।

*6 से 8 सितंबर के बीच फिर भारी बारिश के आसार*
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 48 घंटों में इसके मध्य प्रदेश के उत्तर-मध्य भाग में बने रहने की उम्मीद है।

इस सिस्टम के असर से फिलहाल भारी बारिश का दौर पश्चिमी यूपी तक सीमित रहेगा, लेकिन मौसम प्रणाली के मुड़ने के कारण 6 से 8 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 8 सितंबर के बाद इस वेदर सिस्टम का असर कम हो जाएगा और पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में काफी कमी आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button