गाजीपुर : टीकाकरण केंद्र के बंद होने से मरीजों को भारी परेशानी, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज हुई शिकायत

बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाजीपुर।
आज दिनांक।04/10/025को
टीकाकरण केंद्र के बंद होने से मरीजों को भारी परेशानी, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज हुई शिकायत

जखनिया, गाज़ीपुर।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया में स्थित टीकाकरण केंद्र के अचानक बंद होने से शनिवार को कई मरीजों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही अपने बच्चों का टीकाकरण कराने पहुंचे लोग घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर लौट गए।
मरीजों का कहना था कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण समय पर कराने आते हैं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या न हो। लेकिन केंद्र के खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय न होने के कारण लोगों को हर बार असुविधा उठानी पड़ती है। कभी केंद्र देर से खुलता है तो कभी समय से पहले बंद हो जाता है।
इस अव्यवस्था से नाराज़ एक मरीज के परिजन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है और शासन से इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है, ताकि आम जनता को बार-बार परेशानी न झेलनी पड़े।
वहीं इस मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया के प्रभारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण केंद्र को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। हालांकि सवाल यह उठता है कि यदि ऐसा कोई निर्णय पूर्व में लिया गया था, तो इसकी सूचना अस्पताल परिसर में नोटिस बोर्ड के माध्यम से दी जानी चाहिए थी, ताकि मरीजों को अनावश्यक असुविधा न हो।
जनहित के सवाल पर प्रशासन की चुप्पी अब जवाब मांग रही है।



