गाजीपुर : बिंदु होटल के सामने युवक की गोली मारकर हत्या, एडीजी जोन व एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बिंदु होटल के सामने युवक की गोली मारकर हत्या, एडीजी जोन व एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

गाजीपुर, 30 मई 2026।शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदु होटल के सामने अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विनीत राय निवासी अष्टभुजी कॉलोनी, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि शुक्रवार देर रात लगभग 11 बजे बदमाशों ने विनीत राय को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।



