
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप
जखनियां समेत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए मिलेगी सहायता
गाजीपुर, 14 अक्टूबर।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद पंजीकरण से छूटे मतदाताओं तथा पहली बार मतदान करने के पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आगामी 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर, दोनों शनिवार को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि विशेष कैंप के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6, अंतिम निर्वाचक नामावली तथा पूरक मतदाता सूचियां अनिवार्य रूप से रखें। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म भरने और पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया पूरी करने में सहायता प्रदान की जाएगी। कैंप में प्राप्त होने वाले सभी फार्मों का व्यवस्थित ढंग से अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों का सहयोग लेने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विशेष कैंप की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।इसके लिए शहरी क्षेत्रों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर लगाकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं, का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराना है।प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 अथवा 24 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम दर्ज न होने की स्थिति में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।



