
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान
हर बूथ पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मिलेगा मौका
गाजीपुर। निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए मतदाताओं तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूटे लोगों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के लिए 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान के दोनों दिनों में जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे। उनके पास मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे।उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने की पात्रता प्राप्त करने वाले नागरिकों को अभियान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिक अभियान दिवस पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। आवेदन के लिए अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ ले जाना उपयोगी होगा। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र संख्या उपलब्ध है, तो उसे भी साथ ले जा सकते हैं।मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।-फार्म-6मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए।-फार्म-7 मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए।-फार्म-8 मतदाता सूची की प्रविष्टियों में संशोधन अथवा निवास स्थान परिवर्तन के लिए।ऑनलाइन आवेदन के लिए मतदाता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर संबंधित फार्म भर सकते हैं।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने और अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए व्यापक जागरूकता और समन्वय आवश्यक है।बैठक में कांग्रेस के रविकान्त राय, समाजवादी पार्टी के राजेश कुमार यादव एवं निजामुद्दीन खां, भारतीय जनता पार्टी के राजन प्रजापति, बहुजन समाज पार्टी के आदित्य कुशवाहा एवं जनक राम तथा आम आदमी पार्टी के जावेद अहमद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



