Breaking Newsभारत

फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर 17 साल के लड़के की मौत: बड़े भाई के साथ दिल्ली कमाने गया था, सीतापुर लौटते वक्त लखनऊ में हादसा

फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर 17 साल के लड़के की मौत: बड़े भाई के साथ दिल्ली कमाने गया था, सीतापुर लौटते वक्त लखनऊ में हादसा

सरोजनीनगर, लखनऊ। लखनऊ के बंथरा में हरौनी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर 17 साल के एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में लड़के की खोपड़ी टूट गई और शरीर का कुछ हिस्सा कट गया।

सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

*मृतक की पहचान सीतापुर के अंकुल के रूप में हुई*
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना करीब 9 बजे मिली। जांच में मृतक की पहचान सीतापुर जिले के हरगांव थाना अंतर्गत नंद्रासन नगवापुर निवासी अंकुल (17) के रूप में हुई।

मृतक के बड़े भाई रामराज ने बताया कि करीब 20 दिन पहले वह और अंकुल दिल्ली में नौकरी करने गए थे। दोनों भाई फरक्का एक्सप्रेस से अपने घर वापस लौट रहे थे। बुधवार सुबह ट्रेन हरौनी रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने वाली थी। तभी अंकुल अपने भाई रामराज से टॉयलेट जाने की बात कहकर सीट से उठकर डिब्बे में चला गया। उसके बाद वह लौटकर नहीं आया।

*भाई ने जब तक चेन खींची, ट्रेन अमौसी पहुंच गई थी*
रामराज ने बताया कि काफी देर तक जब अंकुल वापस सीट पर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने डिब्बे के टॉयलेट और पूरे डिब्बे में अंकुल को काफी देर तक ढूंढा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला।

इसके बाद उन्होंने दरवाजे के पास खड़े लोगों से पूछा, तो पता चला कि हरौनी रेलवे स्टेशन के पास एक लड़का ट्रेन से नीचे गिर गया है। यह जानकारी मिलते ही रामराज ने ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोक दिया। उस समय ट्रेन अमौसी स्टेशन के पास पहुंच चुकी थी।

*बड़ा भाई ऑटो से हरौनी की तरफ तेजी से लौटा*
इसके बाद वह किसी तरह कानपुर रोड पर पहुंचा और घटना की सूचना 112 पर दी। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी बीच, रामराज भी ऑटो से कटी बगिया होते हुए हरौनी रेलवे स्टेशन तेजी से पहुंच गया।

वहां उसे पता चला कि हरौनी रेलवे स्टेशन पार करने के बाद स्टेशन से करीब 50 मीटर आगे लखनऊ की तरफ उसका शव रेल पटरी के किनारे क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला था।

बाद में घटना की सूचना पाकर पहुंची GRP ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक के पिता विनोद की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। मृतक के परिवार में उसकी मां के अलावा उससे बड़े तीन भाई और दो छोटी बहनें हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button