Breaking Newsभारत

प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग में महिला की हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

चाकू, तमंचा, कारतूस समेत कई सामान बरामद, बिहार घुमाने के बाद की थी हत्या

गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस सहित कई सामान बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना एम्स पर पंजीकृत मु0अ0सं0 115/2026 धारा 103(1) भा0न्या0सं0 से संबंधित अभियुक्त राजधारी यादव पुत्र रघुनाथ यादव निवासी बोधरवा मैनागढ़, पश्चिम चम्पारण (बिहार), हाल पता हुमायूपुर गोरखनाथ को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1) भा0न्या0सं0 तथा 3/25 व 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।

बताया गया कि 05 मई 2026 की रात आरोपी ने एक महिला की हत्या कर शव को गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन से कूड़ाघाट जाने वाले कच्चे रास्ते के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गोरखपुर में एक पापड़ फैक्ट्री में रहकर राजगीर मिस्त्री का काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात महाराजगंज की रहने वाली एक महिला से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बाद में महिला के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।

आरोपी महिला को बिहार घुमाने ले गया और वापस आने के बाद सुनसान स्थान पर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक चाकू, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक कीपैड मोबाइल, एक मंगलसूत्र (पीली धातु का लॉकेट सहित), एक एंड्रॉयड मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया है।

गिरफ्तारी टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय एवं निरीक्षक नीरज राय ने किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button