Breaking Newsभारत

जखनिया/गाज़ीपुर : हथियाराम मठ में नवनिर्वाचित भाजपा क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने टेका मत्था

हथियाराम मठ में नवनिर्वाचित भाजपा क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने टेका मत्था

महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति ने दिया आशीर्वाद, बोले- संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रधर्म को रखें सर्वोपरि

जखनिया/गाज़ीपुर। भाजपा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय टीम में गाजीपुर जनपद से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने बुधवार को जखनिया ब्लॉक स्थित सुप्रसिद्ध हथियाराम मठ पहुंचकर मां बुढ़िया माता के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके उपरांत सभी ने महामंडलेश्वर हथियाराम मठ श्रद्धेय भवानी नंदन यति से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।क्षेत्रीय टीम में नवनिर्वाचित क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर एवं क्षेत्रीय मंत्री विजय यादव ने मां बुढ़िया माता के दरबार में मत्था टेककर अपने नए दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान मठ परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जिस संगठन और दल में कार्य करने का दायित्व मिला है, उसके प्रति पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए सनातन संस्कृति का सम्मान और संगठन को मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में अनेक नौजवान विभिन्न कारणों से भटकाव की स्थिति में हैं। ऐसे युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्हें राष्ट्रहित के मार्ग पर लाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से जनसेवा और संगठन के हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।गौरतलब है कि गाजीपुर जनपद के रहने वाले वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं को काशी क्षेत्र की टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भानु प्रताप सिंह को अनुसूचित जाति मोर्चा तथा राजेश राजभर को युवा मोर्चा का क्षेत्रीय प्रभार दिया गया है। वहीं विजय यादव को भी क्षेत्रीय मंत्री का दायित्व मिला है। इसे लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और मजबूत करने की अपेक्षा व्यक्त की।कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर, संदीप सिंह, उमाशंकर यादव, पीयूष सिंह, नागेंद्र निगम सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button