जखनियां, गाजीपुर : डॉ. सुनीता सिंह स्कॉलरशिप परीक्षा में 234 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, 21 प्रतिभाओं को कक्षा 12 तक मिलेगी निःशुल्क शिक्षा

डॉ. सुनीता सिंह स्कॉलरशिप परीक्षा में 234 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, 21 प्रतिभाओं को कक्षा 12 तक मिलेगी निःशुल्क शिक्षा

जखनियां, गाजीपुर। तहसील जखनिया क्षेत्र के स्वर्गीय राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज, अलीपुर मदंरा के परिसर में डॉ. सुनीता सिंह स्कॉलरशिप परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में विद्यालय के 234 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार परीक्षा के माध्यम से चयनित होने वाले 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय की ओर से कक्षा 9 से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को पठन-पाठन की आवश्यक सामग्री, ड्रेस सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाएं भी विद्यालय प्रबंधन द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही चयनित 21 विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा के लिए साइकिल भी विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रदान की जाएगी।विद्यालय के प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने कहा कि इस परीक्षा का उद्देश्य केवल मेधावी विद्यार्थियों का चयन करना नहीं, बल्कि आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण बेहतर शिक्षा से वंचित हो रही प्रतिभाओं को उचित अवसर, बेहतर शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें ऐसा मंच उपलब्ध कराया जाए, जहां वे अपनी क्षमता को निखार सकें। किसी भी बच्चे की प्रतिभा केवल संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहनी चाहिए। हमारा विद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, बेहतर संस्कार और बेहतर भविष्य की दिशा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।”अटल कुमार सिंह ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। इसलिए विद्यालय प्रबंधन का प्रयास है कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनमें अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना भी विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान बच्चों को सही समय पर सही मार्गदर्शन और अवसर मिल जाए तो वे भविष्य में परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण होकर चयनित होने वाले सभी 21 छात्र-छात्राओं के सम्मान में 1 सितंबर को विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जाएंगी।विद्यालय प्रबंधक ने कहा कि “बेहतर शिक्षा, बेहतर भविष्य और बेहतर राष्ट्र निर्माण” के संकल्प के साथ विद्यालय प्रतिवर्ष आगे भी ऐसे प्रयास जारी रखेगा। उन्होंने परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का परिणाम है।इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं प्रबंधन ने परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
