जखनियां/गाजीपुर : छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए किया प्रेरित, पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा ने चलाया जागरूकता अभियान

छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए किया प्रेरित, पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा ने चलाया जागरूकता अभियान
जखनियां/गाजीपुर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदया के आदेश के अनुपालन में तथा प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल के निर्देश पर पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा, गाजीपुर के प्राध्यापकों द्वारा छात्र संख्या वृद्धि एवं उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु सोमवार को विशेष संपर्क अभियान चलाया गया।
इस क्रम में 11 मई 2026 को महाविद्यालय के प्राध्यापकगण राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सादात पहुंचे, जहां प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही छात्राओं को पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा, गाजीपुर में संचालित स्नातक कक्षाओं में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राध्यापकों ने छात्राओं को महाविद्यालय में संचालित स्किल डेवलपमेंट, कैरियर मार्गदर्शन तथा रोजगारपरक शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक है, जिससे छात्र-छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकें।
संपर्क अभियान का नेतृत्व प्रो. रमेश कुमार ने किया। इस दौरान प्रो. प्रकाश चन्द्र पटेल, डॉ. धनंजय उपाध्याय, डॉ. धर्मेन्द्र सरोज सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। अभियान के दौरान छात्राओं में उच्च शिक्षा को लेकर उत्साह देखने को मिला।



