गाजीपुर : 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश

50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं डा० ईरज राजा की उपस्थिति में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में आवास विकास परिषद निर्माण खण्ड वाराणसी प्रथम, सीएनडीएस जल निगम जौनपुर, उत्तर प्रदेश जल निगम शहरी गाजीपुर, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई निर्माण खण्ड वाराणसी, यूपी सिडको गाजीपुर, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड वाराणसी, राजकीय निर्माण निगम की विभिन्न इकाइयों, पैकफेड, देवकली पम्प कैनाल प्रखण्ड प्रथम तथा राज्य सेतु निगम वाराणसी समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों को मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने धनाभाव के कारण रुके निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उच्चाधिकारियों से पत्राचार करने को कहा।धन आवंटन के बावजूद धीमी प्रगति वाले कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीरता से ली जाएगी तथा संबंधित अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार होंगे।इसके साथ ही जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।



