गाजीपुर : मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने शांति समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश

मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने शांति समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश
पारंपरिक मार्ग से ही निकलेगा ताजिया जुलूस, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

गाजीपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को ऑडिटोरियम हॉल, गाजीपुर में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त ताजिया आयोजक, स्थानीय पार्षद, ग्राम प्रधान एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों और आयोजकों से सीधा संवाद कर पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ताजिया जुलूस केवल पारंपरिक एवं निर्धारित मार्गों से ही निकाला जाएगा तथा किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने सभी ग्राम प्रधानों, पार्षदों और ताजिया आयोजकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।सभी आयोजकों और जनप्रतिनिधियों से कहा गया कि किसी भी समस्या अथवा आकस्मिक स्थिति में तत्काल स्थानीय थाना, क्षेत्राधिकारी या कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।बैठक के अंत में उपस्थित संभ्रांत नागरिकों, पार्षदों और ग्राम प्रधानों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि जनपद में मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



