Breaking Newsभारत

गाजीपुर : बरसात में बिजली से रहें सतर्क, लापरवाही पड़ सकती है जानलेवा : डीएम अनुपम शुक्ला

बरसात में बिजली से रहें सतर्क, लापरवाही पड़ सकती है जानलेवा : डीएम अनुपम शुक्ला

विद्युत पोल, टूटे तार और ट्रांसफार्मर से दूरी बनाए रखने की अपील, 24×7 कंट्रोल रूम 9453047253 पर शिकायत दर्ज कराने का आह्वान

गाजीपुर, 11 जुलाई। बरसात के मौसम में संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे बरसात के दौरान विद्युत पोल, टूटे तारों और ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें।उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान और बारिश के कारण बिजली की लाइनों में फॉल्ट, तार टूटने और पोल में करंट उतरने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे जनहानि और पशुहानि की घटनाएं हो सकती हैं। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन और विद्युत विभाग पूरी तरह सतर्क है तथा जनपद स्तर पर 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।डीएम ने बताया कि यदि कहीं टूटे हुए तार, नंगे केबल, पोल में करंट, स्पार्किंग अथवा ट्रांसफार्मर में कोई समस्या दिखाई दे तो उसे छूने का प्रयास न करें और तत्काल 9453047253 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी उन्होंने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों में लगे बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि बरसात का पानी बिजली का सुचालक होता है और करंट कई मीटर तक फैल सकता है। बच्चों को भी बिजली के पोल के पास खेलने से रोकने की अपील की गई।जिलाधिकारी ने बताया कि यदि विभागीय लापरवाही या विद्युत उपकरणों की खराबी के कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो विद्युत विभाग के नियमानुसार आश्रितों को पांच लाख रुपये की क्षतिपूर्ति प्रदान की जाती है। हालांकि घर के अंदर घरेलू वायरिंग, उपकरणों या व्यक्तिगत लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर यह सहायता लागू नहीं होगी।

उन्होंने लोगों से घर की वायरिंग की समय-समय पर लाइसेंसधारी इलेक्ट्रीशियन से जांच कराने, गीले हाथों से बिजली के उपकरण न छूने, ईएलसीबी और एमसीबी लगवाने, सोलर पैनल एवं इन्वर्टर की वायरिंग की जांच कराने तथा बिजली के तारों से सटी पेड़ों की टहनियों की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की।डीएम ने किसानों से सिंचाई के दौरान नलकूपों के पास लगे बिजली के तारों से विशेष सावधानी बरतने को कहा। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को फील्ड में नियमित निरीक्षण कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।प्रेसवार्ता में अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड विवेक खन्ना, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button