Breaking Newsभारत

गाजीपुर : नगर निकायों की सुविधाएं बेहतर बनाने पर डीएम का जोर

नगर निकायों की सुविधाएं बेहतर बनाने पर डीएम का जोर

साफ-सफाई, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, खेल मैदानों में ओपन जिम व डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की पहल

गाजीपुर, 21 अगस्त। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों से संबंधित विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में संचालित विकास कार्यों, साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, पथ प्रकाश सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमित रूप से सफाई कराई जाए तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही एकत्रित और निस्तारित किया जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीएम ने नागरिकों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खराब हैंडपंप, पाइपलाइन एवं जलापूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराने को कहा। वहीं खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने नगर निकायों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएं। कार्यों की नियमित निगरानी हो और लापरवाही मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाए।उन्होंने चिन्हित स्थानों पर खेल मैदानों में ओपन जिम स्थापित करने तथा पूर्व में संचालित अथवा उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गाजीपुर शहर के प्रवेश मार्गों पर उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।बैठक में कर वसूली की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई कर राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता, पथ प्रकाश, नाली निर्माण, सड़क मरम्मत सहित जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।डीएम ने कहा कि नगर निकायों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित नगर निकायों के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button