Breaking Newsभारत

गाजीपुर : टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति, 50 क्षय रोगियों को वितरित की गई पोषण पोटली

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति, 50 क्षय रोगियों को वितरित की गई पोषण पोटली

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की निक्षय मित्र बनने की अपील, 100 दिवसीय सघन अभियान की दी जानकारी

गाजीपुर, 15 जून 2026। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोमवार को राइफल क्लब सभागार में लॉर्ड्स डिस्टलरी लिमिटेड, गाजीपुर के सहयोग से 50 क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी के सहयोग से किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए जनपद में व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 मार्च 2026 से जनपद में 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत संभावित रोगियों की पहचान एवं जांच के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में पर्याप्त संख्या में हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से मेडिकल मोबाइल वैन द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों की जांच की जा रही है। प्रतिदिन लगभग 600 से 700 चेस्ट एक्स-रे किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बलगम जांच के लिए प्रतिदिन 20 हजार जांचों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे संभावित मरीजों की समय रहते पहचान हो सके।जिले में उपलब्ध हैं आधुनिक जांच सुविधाएं उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों में ट्रू-नैट मशीनें उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से बलगम की जांच की जा रही है। वर्तमान में जिले में 19 ट्रू-नैट मशीनें एवं 2 सीबी-नैट मशीनें कार्यरत हैं। इन आधुनिक मशीनों के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की बलगम जांच और चेस्ट एक्स-रे कराकर बीमारी का शीघ्र पता लगाया जा रहा है।हर माह 15 तारीख को मिलेगा पोषण सहयोग जिलाधिकारी ने बताया कि टीबी रोगियों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य लाभ को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह की 15 तारीख को सभी विकास खंडों में पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों, संस्थाओं एवं संगठनों से आगे आकर ‘निक्षय मित्र’ बनने तथा टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके उपचार एवं पोषण में सहयोग करने की अपील की।सामाजिक सहभागिता से बनेगा टीबी मुक्त गाजीपुर,कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता भी टीबी उन्मूलन अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है। यदि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति एक मरीज की जिम्मेदारी ले, तो टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।कार्यक्रम में लॉर्ड्स डिस्टलरी लिमिटेड की ओर से आनंद राय (एचआर एवं एडमिन) उपस्थित रहे। वहीं जिला क्षय रोग विभाग की ओर से डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह (डीपीसी), विवेक सिंह, वेंकटेश शर्मा, सुनील वर्मा, शशि सिंह एवं सौरभ सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं के बल पर गाजीपुर को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button