गाजीपुर : गाजीपुर में लगेंगे 1000 नए बायोगैस संयंत्र, गोआश्रय स्थलों के बेहतर प्रबंधन पर जोर

गाजीपुर में लगेंगे 1000 नए बायोगैस संयंत्र, गोआश्रय स्थलों के बेहतर प्रबंधन पर जोर
उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने समीक्षा बैठक कर दिए निर्देश, गोवंशों के वैज्ञानिक वर्गीकरण और हरे चारे की स्थायी व्यवस्था पर विशेष बल

गाजीपुर, 08 जुलाई। उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में गोवंश संरक्षण एवं अनुश्रवण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए गोवंशों के संरक्षण, पोषण और समुचित प्रबंधन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि सभी गोआश्रय स्थलों पर गोवंशों का वैज्ञानिक आधार पर वर्गीकरण किया जाए तथा बड़े-छोटे और नर-मादा गोवंशों को अलग-अलग रखा जाए, ताकि उनकी देखभाल और स्वास्थ्य परीक्षण बेहतर ढंग से हो सके। साथ ही सहजन और नेपियर घास का व्यापक स्तर पर रोपण कर हरे चारे की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।बैठक में उन्होंने घोषणा की कि जनपद गाजीपुर में 1000 नए बायोगैस संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे गोबर का वैज्ञानिक प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, जैविक खेती को बढ़ावा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा करीमुद्दीनपुर स्थित वृहद गोसंरक्षण केंद्र में बंद पड़े बायोगैस संयंत्र को शीघ्र चालू कराने के निर्देश भी दिए गए।उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के सदस्य रमाकान्त उपाध्याय ने गोआश्रय स्थलों पर पर्याप्त भूसा, हरा चारा और पशु आहार उपलब्ध कराने, नाद एवं चरनी की नियमित सफाई, कृमिनाशक दवाओं का समय-समय पर सेवन कराने तथा बड़े गोआश्रय स्थलों पर काऊ लिफ्टर मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।बैठक में गोवंशों के स्वास्थ्य एवं संरक्षण के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप निदेशक कृषि विजय कुमार, उपायुक्त मनरेगा विजय यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही, नोडल अधिकारी (गोशाला) डॉ. राकेश कुमार गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, किसान बन्धु, जनप्रतिनिधि एवं नन्दिनी तथा मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।बैठक के बाद अध्यक्ष एवं सदस्य ने आरटीआई गोराबाजार, बिरनो तथा गोपाल गोशाला रौजा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं गोवंशों को हरा चारा खिलाया तथा गोशालाओं में विशेष साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सरिता अग्रवाल एवं विनोद अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



