गाजीपुर : गाजीपुर में खाद की कोई कमी नहीं, समितियों पर पर्याप्त यूरिया-डीएपी उपलब्ध; किसानों को नहीं होगी परेशानी

गाजीपुर में खाद की कोई कमी नहीं, समितियों पर पर्याप्त यूरिया-डीएपी उपलब्ध; किसानों को नहीं होगी परेशानी
गाजीपुर। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की सहकारी समितियों एवं बिक्री केंद्रों पर यूरिया और फास्फेटिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।जिला सूचना कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार जनपद के 181 सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों को लगातार यूरिया एवं फास्फेटिक उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। वर्तमान में समितियों पर 2200 मीट्रिक टन यूरिया तथा 1600 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है। वहीं जनपद के बफर गोदाम में 5073 मीट्रिक टन यूरिया एवं 5146 मीट्रिक टन डीएपी का पर्याप्त भंडार मौजूद है।जिलाधिकारी द्वारा 16 जुलाई को 2488 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन सहकारी समितियों को किया गया है, जिसका अगले दो से तीन दिनों में वितरण केंद्रों तक प्रेषण कर दिया जाएगा। खरीफ सीजन के दौरान अब तक कुल 5248 मीट्रिक टन यूरिया तथा 5100 मीट्रिक टन डीएपी का आवंटन किया जा चुका है।आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 16 जुलाई तक सहकारी समितियों एवं बिक्री केंद्रों के माध्यम से 1346 मीट्रिक टन यूरिया तथा 945 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का वितरण हुआ था। जबकि वर्ष 2026 में इसी अवधि तक 3126 मीट्रिक टन यूरिया एवं 2870 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है।प्रशासन का कहना है कि जिलाधिकारी के लगातार प्रयासों से जनपद को नियमित रूप से यूरिया एवं डीएपी की रैक उपलब्ध हो रही है। ऐसे में किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जनपद में फिलहाल खाद की कोई कमी नहीं है और मांग के अनुरूप पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है।


