गाजीपुर : कलम की साख और सरोकारों पर मंथन, पत्रकारिता की शुचिता बनाए रखने का आह्वान

कलम की साख और सरोकारों पर मंथन, पत्रकारिता की शुचिता बनाए रखने का आह्वान
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की विचार गोष्ठी में उठे कई महत्वपूर्ण मुद्दे

गाजीपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन उत्तर प्रदेश की स्थानीय शाखा द्वारा शहर के प्राचीन पुस्तकालय एवं वाचनालय मिश्रबाजार में विचार गोष्ठी एवं चिंतन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लेते हुए पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, उसकी चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर गंभीर विमर्श किया।
गोष्ठी में वक्ताओं ने पत्रकारिता के नाम पर समाज को कलंकित करने वाली गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता एक मिशन है, जिसे निजी स्वार्थ और व्यवसायिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। पत्रकार का दायित्व समाज तक सत्य, तथ्य और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को पहुंचाना है।
यूनियन के राष्ट्रीय पार्षद एवं जिलाध्यक्ष पदमाकर पाण्डेय ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता की नींव रखने वाले पंडित जुगलकिशोर शुक्ल ने ‘उदन्त मार्तण्ड’ के माध्यम से पत्रकारिता को जनजागरण का सशक्त माध्यम बनाया था। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का प्रहरी होता है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व पत्रकारिता की आड़ में ऐसे कृत्य कर रहे हैं जिससे पूरे मीडिया जगत की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
संगठन के पदाधिकारी विजयशंकर तिवारी एवं रामचन्द्र सिंह ने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करना चाहिए। समाज में पत्रकारों का सम्मान उनकी विश्वसनीयता और आचरण से ही सुरक्षित रह सकता है।
विवेकानन्द राय ने कहा कि पत्रकारिता के नाम पर लोगों को भ्रमित करने और विभिन्न संगठनों का नाम लेकर अनुचित गतिविधियों में संलिप्त लोगों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सच्चा पत्रकार अपनी लेखनी और खबरों के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य करता है, न कि व्यक्तिगत लाभ के लिए पत्रकारिता का उपयोग करता है।
इस अवसर पर संजय चौबे, भुवन जायसवाल, रामप्रवेश राय, विनोद कुमार लाल, गौरीशंकर पाण्डेय, दिनेश चन्द्र शर्मा, रंगनाथ दूबे, वरिष्ठ पत्रकार अरुण तिवारी, खड़ानन्द दूबे, सतीश पाण्डेय, कमलाकर पाण्डेय, दीपक श्रीवास्तव सहित अनेक पत्रकारों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनपक्षधर पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पदमाकर पाण्डेय ने की तथा संचालन दिनेश चन्द्र शर्मा ने किया। गोष्ठी में जिले के विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े चार दर्जन से अधिक पत्रकार एवं कैमरामैन उपस्थित रहे।



