गाजीपुर : कजरी महोत्सव में बिखरी लोक संस्कृति की छटा, गीत-संगीत और झूले का लोगों ने उठाया आनंद

कजरी महोत्सव में बिखरी लोक संस्कृति की छटा, गीत-संगीत और झूले का लोगों ने उठाया आनंद
शास्त्री नगर की स्मार्ट कॉलोनी में हुआ भव्य आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल का हुआ सम्मान
अजीत विक्रम
गाजीपुर। स्मार्ट कॉलोनी शास्त्री नगर में कजरी महोत्सव का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने कजरी गीतों, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल का समिति के संरक्षक के दायित्व से पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं डा० डी पी सिंह धर्मपत्नी श्रीमती रीता सिंह, महासचिव, नारी शक्ति संभाग द्वारा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष को अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया गया।
आयोजन में कॉलोनीवासियों, लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी की ओर से लाल बहादुर शास्त्री पार्क में झूला भी लगवाया गया, जिसका बच्चों और महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया।
कजरी महोत्सव में पारंपरिक गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक उत्साह ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्थानीय लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर आयोजन का आनंद लिया तथा स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं को संरक्षित एवं समृद्ध करने का संदेश दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



