गाजीपुर : अफ्शा अंसारी की तलाश तेज, गाजीपुर और मऊ में 7 ठिकानों पर पुलिस की दबिश

गाजीपुर
अफ्शा अंसारी की तलाश तेज, गाजीपुर और मऊ में 7 ठिकानों पर पुलिस की दबिश
50 हजार रुपये की इनामी और कई मामलों में वांछित हैं अफ्शा अंसारी।

गाजीपुर। माफिया मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी अफ्शा अंसारी की तलाश में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गाजीपुर और मऊ जनपद में पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए 7 संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान कई अहम जानकारियां जुटाई गईं।
एसपी गाजीपुर डॉ. इरज राजा ने छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि अफ्शा अंसारी, जो गैंगस्टर रहे स्वर्गीय मुख्तार अंसारी की पत्नी हैं, कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं और लंबे समय से फरार चल रही हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
उन्होंने बताया कि थाना कोतवाली गाजीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 96/2023, धारा 406, 420, 386, 506 आईपीसी के तहत पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इसी क्रम में 10 मई 2026 को गाजीपुर और मऊ में सात टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। यह सभी स्थान किसी न किसी रूप में IS-191 गैंग से जुड़े सहयोगियों के बताए जा रहे हैं।
एसपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध और उसके सरगनाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और आगे भी इसी तरह सख्ती बरती जाएगी।
उन्होंने बताया कि IS-191 गैंग के मुखिया रहे मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शा अंसारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। वह कई मामलों में वांछित हैं और फरार चल रही हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर और मऊ में सात स्थानों पर दबिश दी गई है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।



