यूपी की राजधानी लखनऊ में गोलियां तड़तड़ाईं। सीने, सिर और हाथ में गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। असलहे के बट से दो लोगों का सिर फोड़ दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है

यूपी की राजधानी लखनऊ में गोलियां तड़तड़ाईं। सीने, सिर और हाथ में गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। असलहे के बट से दो लोगों का सिर फोड़ दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है
यूपी के लखनऊ में चिनहट के मल्हौर इलाके एमिटी विश्वविद्यालय के पास जमीनी विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। एक पक्ष ने दूसरे पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। सीने, सिर और हाथ में गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। दो लोगों का असलहे से सिर फोड़ दिया है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दो हमलावरों को धर दबोचा अन्य की तलाश में दबिश दे रही है। हमलवारों पर घर में घुसकर डीवीआर लूटने का भी आरोप है।
मल्हौर निवासी जियाउल हक और सरताज हुसैन के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। जमकर गाली-गलौज हुई। जियाउल हक के मुताबिक शोर सुनकर बेटा सलमान, फैज और शाद आ गए। असलहों से लैस सरताज पक्ष से अभय सिंह यादव, जमीर, इंतजार, शानू, अमित रा सुएब समेत करीब 20 लोगों ने घेर लिया। पथराव शुरू कर दिया। सरताज और उसके साथियों ने असलहे निकालकर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। गोली लगने से बेटा सलमान, फैज और शाद घायल हो गया। वहीं, पथराव में सरताज और एक अन्य घायल हो गया। घटना से अफरा-तफरी मच गई। दहशत के मारे लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
इस बीच सूचना पर थाना प्रभारी चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा, एसीपी विभतिखंड विनय द्विवेदी, पुलस उपायुक्त पूर्वी शशांक सिंह और कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायलों को आनन फानन लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां सलमान, फैज, शाद और दूसरे पक्ष से सरताज की हालत नाजुक देख उन्हें भर्ती कर लिया गया।
तनाव के देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने बताया कि साद के ममेरे भाई सैफ की तहरीर पर उक्त सरताज और अन्य हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अभय सिंह और अमित राय को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।



