Breaking Newsभारत

गाजीपुर : अनुपम शुक्ला ने निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज व 200 बेड महिला छात्रावास का किया निरीक्षण

अनुपम शुक्ला ने निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज व 200 बेड महिला छात्रावास का किया निरीक्षण

गाजीपुर, 22 मई 2026। जनपद में संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास तथा ददरी घाट के पास बन रहे 200 बेड महिला छात्रावास का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण कर भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कक्षों की संरचना, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि यह नर्सिंग कॉलेज भविष्य में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को 30 जून 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप कराए जाएं।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ददरी घाट के पास निर्माणाधीन 200 बेड महिला छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में बनने वाले आवासीय कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button