
बरेसर पुलिस ने दो वारंटियों को घर से किया गिरफ्तार
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बरेसर थाना पुलिस ने बुधवार को दो वारंटियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों को उनके घर से पकड़ा गया। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/न्यायिक मजिस्ट्रेट कक्ष संख्या तीन, मुहम्मदाबाद गाजीपुर के न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपितों में सलेमपुर गांव निवासी दूधनाथ पुत्र मदाड़ी शामिल है। उसके विरुद्ध लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3/5 के तहत प्रकीर्ण फौजदारी वाद संख्या 113/26 दर्ज है।वहीं, दूसरे आरोपित छोटकन उर्फ छोटे ठाकुर पुत्र शम्भू निवासी ग्राम सलेमपुर थाना बरेसर को भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504 और 506 से संबंधित प्रकीर्ण फौजदारी वाद संख्या 73/26 में जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद रुस्तम खां और उनके हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



