
साइबर ठगी के शिकार दो लोगों को वापस मिली 7366 रुपये की रकम
नोनहरा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम की कार्रवाई, पीड़ितों ने जताया आभार

नोनहरा। गाजीपुर। थाना नोनहरा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए दो पीड़ितों की कुल 7366 रुपये की धनराशि वापस उनके बैंक खातों में सफलतापूर्वक पहुंचा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस टीम का आभार जताया।पुलिस के अनुसार ग्राम मुसल्लहपुर निवासी विजय बिंद पुत्र रुदल बिंद के साथ ऑनलाइन फ्रॉड कर 3566 रुपये की धनराशि ठग ली गई थी। इसी प्रकार ग्राम बौरी निवासी अजीत चौहान पुत्र छोटेलाल चौहान के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 3800 रुपये की रकम निकाल ली गई थी।दोनों पीड़ितों ने साइबर ठगी की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर धोखाधड़ी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले में कार्रवाई शुरू की।थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी तथा कांस्टेबल शिवम शर्मा, प्रभात कुमार, अरुण कुमार एवं महिला कांस्टेबल शालू सरोज के संयुक्त प्रयास से एमआरएम पोर्टल के माध्यम से दोनों पीड़ितों की ठगी गई धनराशि को वापस कराने की कार्रवाई की गई।पुलिस के प्रयास से विजय बिंद के 3566 रुपये तथा अजीत चौहान के 3800 रुपये, कुल 7366 रुपये, उनके बैंक खातों में वापस करा दिए गए। धनराशि वापस मिलने पर दोनों आवेदकों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए हृदय से धन्यवाद दिया।



