
व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने किया मंथन,दुकानों व प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की दी सलाह, समस्याओं के समाधान का भरोसा
गाजीपुर। पुलिस लाइन सभागार में रविवार को व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ जनपद के विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, प्रमुख व्यापारी एवं उद्यमी शामिल हुए। इस दौरान व्यापारियों की सुरक्षा तथा उनके साथ घटित आपराधिक घटनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने व्यापारियों से अपने-अपने दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने तथा उनकी निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस के साथ व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं की जानकारी ली। व्यापारियों की ओर से सुरक्षा के संबंध में पुलिस से मांगे जाने वाले सहयोग में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं व्यापारियों की सुरक्षा को मजबूत करना, अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाना तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस और व्यापारिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।व्यापारियों को सलाह दी गई कि वे अपनी संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें, प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम रखें, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जनपद के प्रमुख व्यापारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।



