Breaking Newsभारत

गाजीपुर/कौशांबी : थाने में राइफल से चली गोली, गाजीपुर की बेटी प्रियंका यादव की मौत

थाने में राइफल से चली गोली, गाजीपुर की बेटी प्रियंका यादव की मौत

कौशांबी महिला थाने में ड्यूटी के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, तीन माह पहले ही पूरी की थी ट्रेनिंग — पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर तो मचा कोहराम

गाजीपुर/कौशांबी। कौशांबी के महिला थाने में ड्यूटी के दौरान सरकारी राइफल से अचानक गोली चलने से 25 वर्षीय महिला सिपाही प्रियंका यादव की मौत हो गई। प्रियंका गाजीपुर जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सिखड़ी के खिलवा गांव निवासी पूर्व सैनिक रविंद्र नाथ यादव की बड़ी पुत्री थीं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।बुधवार सुबह प्रियंका का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। माता-पिता एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हर आंख नम थी और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

कुर्सी पर बैठते समय दबा राइफल का ट्रिगर, चली गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रियंका यादव कौशांबी महिला थाने के गेट पर पहरेदारी की ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान कुर्सी पर बैठते समय उनकी सरकारी राइफल का ट्रिगर अचानक दब गया और गोली चल गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली उनके गले और जबड़े को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त करते हुए निकल गई।फायरिंग की आवाज सुनते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रियंका को जिला मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंचने पर प्रियंका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं और उनके दाहिने हाथ में राइफल थी।हालांकि गोली किन परिस्थितियों में चली और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

CO सदर के नेतृत्व में जांच टीम गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CO सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

तीन माह पहले ही पूरी हुई थी ट्रेनिंग, पहली पोस्टिंग थी कौशांबी

प्रियंका यादव वर्ष 2025 बैच की महिला पुलिसकर्मी थीं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग कौशांबी जनपद में हुई थी। जून माह के अंतिम सप्ताह में उन्होंने कौशांबी महिला थाने में कार्यभार ग्रहण किया था। नौकरी शुरू किए अभी महज कुछ ही महीने हुए थे कि ड्यूटी के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार के साथ ही गांव और क्षेत्र के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया।

पढ़ाई में मेधावी थीं प्रियंका, हाल में क्वालीफाई की थी परीक्षा

ग्रामीणों के अनुसार प्रियंका यादव पढ़ाई में काफी मेधावी थीं। उन्होंने हाल ही में बीएड और डीएलएड की परीक्षा भी क्वालीफाई की थी। पुलिस सेवा में चयन के बाद परिवार को बेटी के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद थी। परिजनों और ग्रामीणों को विश्वास था कि प्रियंका आगे चलकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। लेकिन अचानक हुई इस घटना से सभी सपने अधूरे रह गए।

पूर्व सैनिक पिता की बड़ी बेटी थीं प्रियंका

प्रियंका यादव पूर्व सैनिक रविंद्र नाथ यादव की बड़ी पुत्री थीं। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई और एक छोटी बहन है। बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन रहा।

पुलिस सम्मान के साथ भेजा गया पार्थिव शरीर

प्रियंका यादव के पार्थिव शरीर को पुलिस सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजा गया। दुल्लहपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दिवंगत महिला सिपाही को सम्मानपूर्वक कंधा दिया तथा पुलिस वाहन से पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए गाजीपुर भेजा गया।पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीण प्रियंका की बहादुरी, मेहनत और मेधावी स्वभाव को याद करते हुए भावुक हो उठे।

अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

शोक की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी पीयूष विक्रम यादव, ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव, जिला पंचायत सदस्य अनिल कनौजिया, पूर्व प्रधान बाढू यादव, सुनील तिवारी, पवन कुमार राय, अनु राय, मनोज यादव तथा समाजवादी पार्टी किसान सभा के प्रदेश महासचिव यमुना यादव सहित बड़ी संख्या में ग्राम सभा एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।सभी ने दिवंगत प्रियंका यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

भावभीनी श्रद्धांजलि

गाजीपुर की होनहार बेटी और महिला पुलिसकर्मी प्रियंका यादव के असामयिक निधन से पूरा क्षेत्र मर्माहत है।ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल माता-पिता, भाई-बहन और समस्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button