BREAKING: लखनऊ में हेड कॉन्स्टेबल ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, साले को फोन कर बुलाया, बोला- तबीयत खराब है, घर आ जाओ

BREAKING: लखनऊ में हेड कॉन्स्टेबल ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, साले को फोन कर बुलाया, बोला- तबीयत खराब है, घर आ जाओ
*लखनऊ।* महानगर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यूपी पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल हिमांशु श्रीवास्तव ने पत्नी रश्मि श्रीवास्तव की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद लाश के पास बैठा रहा और साले को फोन कर घर बुला लिया।
*क्या है पूरा मामला?*
पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर घर में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि हिमांशु ने गुस्से में पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रश्मि जमीन पर बेसुध होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने अपने साले को फोन किया। फोन पर उसने कहा कि रश्मि की तबीयत खराब है, घर चले आओ।
मृतका के भाई अंबेडकरनगर मालपुरा निवासी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया- “मेरी बहन रश्मि की शादी 2015 में अयोध्या के निराला नगर निवासी हिमांशु श्रीवास्तव से हुई थी। शादी के बाद से ही हिमांशु अक्सर मेरी बहन को परेशान करता था, लेकिन घर बचाने के लिए बहन सब बर्दाश्त करती रही। हम लोग भी हर बार समझा-बुझा देते थे।”
सौरभ ने बताया कि रविवार को दोपहर करीब 3 बजे उनके छोटे भाई आदर्श के पास हिमांशु का फोन आया। उसने कहा कि रश्मि की तबीयत खराब है। जब वे बहन के घर पहुंचे तो देखा कि रश्मि कमरे में जमीन पर पड़ी है, सिर से खून बह रहा है और सांसें नहीं चल रही थीं। पास में ही हिमांशु बैठा हुआ था। पूछने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची महानगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



