गाजीपुर : जेल और राजकीय संप्रेक्षण गृह का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

जेल और राजकीय संप्रेक्षण गृह का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

गाजीपुर, 26 अगस्त। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने बुधवार को जिला कारागार गाजीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरक, रसोईघर तथा सीसीटीवी संचालन व्यवस्था का जायजा लिया।कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से अधिकारियों ने उनके स्वास्थ्य एवं बीमारियों के संबंध में जानकारी ली तथा खान-पान और साफ-सफाई की व्यवस्था के बारे में भी पूछा। हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की जांच के बाद सभी बैरकों का बारी-बारी से निरीक्षण किया गया। बंदियों के कार्ड पर दर्ज अगली पेशी की तिथियों को भी चेक किया गया।रसोईघर के निरीक्षण के दौरान प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन के मेन्यू की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि कारागार के अंदर किसी भी दशा में मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित उपकरण प्रवेश न करने पाए। इसके लिए रोस्टर बनाकर नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।इसके उपरांत जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश यादव, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी तथा राजकीय संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया।राजकीय संप्रेक्षण गृह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विभिन्न बैरकों में जाकर निरुद्ध विचाराधीन बंदियों से प्रतिदिन मिलने वाले भोजन, दैनिक उपयोग की सामग्री तथा उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शौचालयों एवं रसोईघर का भी निरीक्षण किया और नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



