जखनिया (गाजीपुर) : रामसिंहपुर में बसपा का कैडर कैंप, मायावती की नीतियों को बताया जन-जन की आवाज

रामसिंहपुर में बसपा का कैडर कैंप, मायावती की नीतियों को बताया जन-जन की आवाज
कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प, बड़ी संख्या में लोगों के बसपा में शामिल होने का दावा

जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया विधानसभा क्षेत्र 373 के रामसिंहपुर गांव स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में रविवार को बहुजन समाज पार्टी की ओर से विशाल कैडर कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाराणसी मंडल प्रभारी श्याम देव भारती ने की। इस दौरान बसपा पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा, पार्टी की नीतियों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।कैडर कैंप में पार्टी पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के बसपा में शामिल होने का दावा किया। नए सदस्यों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और संगठन को गांव से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक भाईचारा (गाजीपुर) पूर्णमासी पाल ने हाल के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिनों से रामसिंहपुर गांव के लोगों के बसपा छोड़कर दूसरे दलों में जाने की बात प्रचारित की जा रही थी। उन्होंने कहा कि जब इसकी जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया गया तो अलग स्थिति सामने आई।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन देकर कार्यक्रमों में ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि इसी भ्रामक प्रचार का जवाब देने और पार्टी की जमीनी स्थिति स्पष्ट करने के उद्देश्य से कैडर कैंप आयोजित किया गया है। उन्होंने दावा किया कि गांव के लोगों में बसपा की विचारधारा आज भी मजबूत है और बहन मायावती की नीतियों का प्रभाव गांव-गिराव में कायम है।इस दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से जुड़े बिरजू राजभर और अरविंद राजभर के बसपा में शामिल होने की भी जानकारी दी गई। पार्टी पदाधिकारियों ने दोनों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।विशिष्ट अतिथि रुदल कुमार गौतम ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ व्यापारियों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने बसपा शासनकाल की कार्यप्रणाली का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय विभिन्न सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई थी।उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने तथा समाज के वंचित वर्गों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।विधानसभा अध्यक्ष रामजी कुशवाहा, प्रमोद प्रभाकर, कन्हैया चौहान, धर्मेंद्र कुमार और विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने भी सभा को संबोधित किया। वक्ताओं ने बसपा शासनकाल में संचालित योजनाओं और संगठन की नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की।कार्यक्रम में जखनिया विधानसभा महासचिव सतीश कुमार, सुभाष राम, रंजीत मौर्य, संतोष कुमार यादव, राम अवध राम, सुरेंद्र यादव, घनश्याम प्रसाद मधुकर, उदय प्रताप, शेखू पगला और पारस राम सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और आगामी गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



