Breaking Newsक्राइमभारत

देवर पर छेड़छाड़ और पति पर गंभीर आरोप, महिला बोली- छोटे भाई को भी खुश करो

देवर पर छेड़छाड़ और पति पर गंभीर आरोप, महिला बोली- छोटे भाई को भी खुश करो


गोरखपुर। गुलरिहा क्षेत्र की 28 वर्षीय महिला ने पति, देवर, सास-ससुर समेत ससुराल के सात लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि पड़ोस की महिला ने अपने भतीजे के साथ मिलकर उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा पिलाई और भतीजे ने उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के बाद जब उसने पुलिस में शिकायत की बात कही तो आरोपित युवक से उसकी शादी करा दी गई।

महिला का आरोप है कि शादी के बाद देवर उस पर गलत नीयत रखता है और अकेले में छेड़छाड़ व जबरदस्ती करने की कोशिश करता है। शिकायत करने पर पति और सास ने कथित तौर पर कहा कि छोटे भाई का भी अधिकार है, उसे भी खुश रखो। महिला का यह भी आरोप है कि पति का दूसरी युवती से संबंध है और वह उससे शादी करने की तैयारी में है।

मां की मौत के बाद पड़ोस की महिला के घर जाने लगी

महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2022 में बीमारी के कारण उसकी मां की मौत हो गई थी। पिता काम पर चले जाते थे, जिससे वह घर पर अकेली रहती थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला ने उसे अपने घर आने-जाने के लिए कहा और मां जैसा ख्याल रखने का भरोसा दिया।

महिला के मुताबिक, पड़ोस की महिला का भतीजा सुनील निषाद भी वहां आता-जाता था। आरोप है कि एक दिन महिला ने अपने भतीजे के साथ मिलकर उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिला दी। बेहोशी की हालत में सुनील ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। होश में आने के बाद विरोध करने और पुलिस से शिकायत की बात कहने पर आरोपितों ने उसकी मांग में सिंदूर भरवा दिया।

गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप

महिला का आरोप है कि इसके बाद सुनील उसके साथ लगातार संबंध बनाता रहा। गर्भवती होने पर उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर बुआ-भतीजे ने कथित रूप से जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। बाद में उसे सुनील के किसी दूसरी युवती से संबंध होने की जानकारी हुई। महिला के अनुसार, उसने सुनील के मोबाइल में युवती के साथ फोटो और रिकॉर्डिंग भी देखी।

थाने में शिकायत के बाद मंदिर में हुई शादी

महिला ने बताया कि उसने दो जून 2026 को गुलरिहा थाने में प्रार्थनापत्र दिया था। इसके बाद आरोपित पक्ष ने आठ जून को मंदिर में सुनील से उसकी शादी करा दी। महिला के अनुसार, पिता से मिले 1.50 लाख रुपये और मां के जेवर भी सुनील को दे दिए गए।

महिला का आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद देवर ने उस पर गलत नीयत रखनी शुरू कर दी। अकेले मिलने पर वह गलत तरीके से छूने और पकड़ने की कोशिश करता है। पति और सास से शिकायत करने पर कथित रूप से उसे ही देवर को खुश रखने की बात कही गई।

महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पड़ोस की महिला और ससुराल वालों ने उसकी जिंदगी नरक बना दी है। उसने न्याय न मिलने पर आत्महत्या करने की बात भी कही है।

सात लोगों के खिलाफ एफआईआर

महिला की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने 21 अगस्त की शाम पति, देवर, सास-ससुर समेत ससुराल के सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button