गाजीपुर : तिरंगे के रंग में रंगा गाजीपुर, डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा रैली

तिरंगे के रंग में रंगा गाजीपुर, डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा रैली
‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंजा शहर, हजारों लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

गाजीपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को जनपद में विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा के नेतृत्व में निकाली गई रैली का शुभारंभ ऑडिटोरियम परिसर से जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया।तिरंगा रैली में जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस बल, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली में शामिल लोगों में देशभक्ति का जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया।रैली ऑडिटोरियम परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों कचहरी, महुआबाग, विशेश्वरगंज चौराहा एवं मिश्रबाजार होते हुए सदर कोतवाली पहुंचकर समाप्त हुई। पूरे मार्ग पर तिरंगे की छटा देखते ही बन रही थी। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से गुंजायमान रहा।इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि तिरंगा रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है, इसलिए उनके योगदान को हमेशा याद रखना हम सभी का दायित्व है जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग अपने-अपने घरों पर गर्व एवं सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।



