Breaking Newsभारत

गाजीपुर : कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, डीएम अनुपम शुक्ला ने दिलाई एकता और भाईचारे की शपथ

कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, डीएम अनुपम शुक्ला ने दिलाई एकता और भाईचारे की शपथ

प्रभातफेरी के साथ शुरू हुआ स्वतंत्रता दिवस समारोह, शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान

गाजीपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। सुबह 7:30 बजे स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रातः 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।ध्वजारोहण के पश्चात स्कूली बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं। कलेक्ट्रेट परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम-2.0’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त 2026 को हम देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। यह महत्वपूर्ण अवसर लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुआ है।उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता एवं साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना हमारा पुनीत कर्तव्य है। आज का दिन देश के ज्ञात-अज्ञात अगणित देशभक्तों एवं शहीदों को स्मरण करने का भी अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण हम आज स्वतंत्रता का यह पर्व मना पा रहे हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वाभिमान एवं गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया गया, जिसमें जनपदवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देश को स्वतंत्रता दिलाई। अब आर्थिक एवं सामाजिक स्वाधीनता को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। आने वाली नई पीढ़ी को भी स्वतंत्रता संग्राम और देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान की जानकारी देना आवश्यक है।उन्होंने देश की एकता, आपसी सद्भाव, भाईचारे एवं इंसानियत पर बल देते हुए कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में मनुष्य और मनुष्यता के महत्व को बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपने पद एवं दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि दूर-दराज से आने वाले जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका संतोषजनक एवं न्यायपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता के वास्तविक महत्व का अनुभव हो सके।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि धर्म, रंग, वर्ग आदि के भेदभाव को मिटाकर मिल-जुलकर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता करें तथा भावनात्मक एकता को मजबूत बनाएं। इससे देश निरंतर उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होगा।कार्यक्रम के पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्रम एवं मिष्ठान प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व वेद सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button