Breaking Newsभारतराजनीति

गाजीपुर : धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया ध्वजारोहण

धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया ध्वजारोहण

गाजीपुर। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि मा0 कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, हज और मुस्लिम वक्फ बोर्ड, उत्तर प्रदेश सरकार श्री ओमप्रकाश राजभर ने ऑडिटोरियम परिसर पीरनगर में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा योजनाओं एवं विभागीय कार्यों का अवलोकन किया। इसके बाद ऑडिटोरियम सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सामूहिक गायन एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को माल्यार्पण, अंगवस्त्रम एवं वॉल हैंगिंग भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं पंचायती राज, ग्राम्य विकास, उद्योग, नगर विकास सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आज हम भारतवर्ष का 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि देश को स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर बनाएं तथा ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करें।राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने कहा कि गाजीपुर वीर जवानों की धरती है। यहां के अनेक जवान देश की सीमा पर तैनात होकर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने क्षेत्र में पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करे तो भारत शीघ्र ही विश्वगुरु एवं दुनिया की बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।विधायक जखनियां बेदीराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों के जीवन संघर्ष को याद किया।जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीदों के परिजनों, आगंतुकों, गणमान्य नागरिकों एवं जनपदवासियों को बधाई देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी वीर सपूतों के त्याग और बलिदान से मिली है। जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों, शहीद परिवारों, आगंतुकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुभासपा सुरेंद्र राजभर, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, पर्यटन अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button