नन्दगंज (गाजीपुर) : नन्दगंज के सर्वांगीण विकास के लिए तहसील और नगर पंचायत घोषित किया जाना जरूरी : अरुण कुमार श्रीवास्तव

नन्दगंज के सर्वांगीण विकास के लिए तहसील और नगर पंचायत घोषित किया जाना जरूरी : अरुण कुमार श्रीवास्तव
अगस्त क्रांति दिवस पर तहसील-नगर पंचायत संघर्ष मोर्चा की बैठक, 22 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन का निर्णय
नन्दगंज (गाजीपुर)। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार को नन्दगंज तहसील बनाओ–नगर पंचायत बनाओ संघर्ष मोर्चा की आवश्यक बैठक बरहपुर स्थित श्री ठाकुर जी राम-लक्ष्मण जानकी महिला महाविद्यालय के सभागार में मोर्चा के संयोजक उमाकांत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
बैठक की शुरुआत 18 अगस्त 1942 को हुए नन्दगंज ट्रेन लूट कांड में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि आजादी की लड़ाई में नन्दगंज क्षेत्र के वीर सेनानियों के योगदान को सम्मान देने के लिए नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना आवश्यक है।
बैठक में नन्दगंज रेलवे स्टेशन का नाम 18 अगस्त 1942 के नन्दगंज ट्रेन लूट कांड के नायक भोला सिंह के नाम पर किए जाने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत बनाए जाने की मांग को लेकर 22 सितम्बर को जिला मुख्यालय स्थित सरजू पांडे पार्क में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मोर्चा के संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नन्दगंज क्षेत्र की उपेक्षा अब कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में नन्दगंज क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस क्षेत्र के तमाम रणबांकुरों ने अपने संघर्ष और साहस से अंग्रेजी हुकूमत की नींद हराम कर दी थी। आज भी क्षेत्र के अनेक नौजवान सेना एवं विभिन्न सशस्त्र बलों में रहकर देश की सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद प्रदेश की सरकारों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने नन्दगंज के विकास के सवाल पर लंबे समय से उदासीनता बरती है। अब क्षेत्र के लोग अपनी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेंगे। नन्दगंज को तहसील और नगर पंचायत का दर्जा मिलने तक संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
बैठक में मुख्य रूप से शशिकांत सिंह, गोपाल यादव प्रधान प्रतिनिधि नैसारा, दुर्वासा कुशवाहा, शिवशंकर सिंह कुशवाहा एडवोकेट, प्रमोद कुमार सिंह, दशरथ राम, चन्द्रमा सिंह यादव, केदार सिंह, दिनेश सिंह, चंद्रनाथ मिश्र, राकेश सिंह, अमन सिंह, अजय उपाध्याय एवं तरुण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक का संचालन मोर्चा के महामंत्री लवकुश गुप्ता ने किया।



