Breaking Newsभारत

गाजीपुर : महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : चारु चौधरी

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : चारु चौधरी

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जीजीआईसी में छात्राओं से किया संवाद, महिला चिकित्सालय का भी किया निरीक्षण

गाजीपुर, 31 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी ने अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), गाजीपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

छात्राओं को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वाभिमान की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने छात्राओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, बाल विवाह, मानव तस्करी और साइबर अपराध जैसी समस्याओं से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही महिला हेल्पलाइन-181, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के उपयोग की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के संबंधित विभाग या पुलिस से तत्काल संपर्क करें। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, चिकित्सीय सुविधा, मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं अस्थायी आश्रय जैसी सेवाओं की भी जानकारी दी।कार्यक्रम में उन्होंने अभिभावकों से बालिकाओं को शिक्षा, आत्मरक्षा, डिजिटल सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।इसके उपरांत राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने महिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने महिला वार्ड का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली तथा भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य, उपचार और खानपान के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button