Breaking Newsभारत

45वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की कुलपति ने की समीक्षा, दो चरणों में होगा पूर्वाभ्यास

45वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की कुलपति ने की समीक्षा, दो चरणों में होगा पूर्वाभ्यास

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के क्रम में कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में विभिन्न समितियों के संयोजकों एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुलपति ने सभी समितियों के कार्यों की क्रमवार समीक्षा करते हुए तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने पर बल देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभाग एवं अनुभाग के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों एवं अधिकारियों की है। उन्होंने सभी से समन्वय के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय परिसर को दीक्षांत समारोह के अनुरूप आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने मुख्य दीक्षांत समारोह के पहले आयोजित हो रहे दीक्षोत्सव कार्यक्रम के सफल एवं गरिमामय आयोजन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह के अंतर्गत सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के तहत विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए तथा इनमें व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।
कुलपति ने निर्देश दिया कि समारोह का विस्तृत कार्यक्रम एवं कार्ययोजना शीघ्र अंतिम रूप से तैयार कर ली जाए। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह में 600 से अधिक अतिथि, पदाधिकारी एवं आमंत्रितजन सम्मिलित होंगे। समारोह के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए 3 अगस्त एवं 5 अगस्त को दो चरणों में पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में सभी समिति संयोजकों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति से कुलपति को अवगत कराया तथा आयोजन को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button