गाजीपुर : देवकली-सैदपुर में बाल श्रम के खिलाफ चला विशेष अभियान, चार प्रतिष्ठानों पर मिले किशोर श्रमिक

देवकली-सैदपुर में बाल श्रम के खिलाफ चला विशेष अभियान, चार प्रतिष्ठानों पर मिले किशोर श्रमिक
जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई, संचालकों को जारी की गई निरीक्षण टिप्पणी, बाल श्रम न कराने की चेतावनी

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद में बाल श्रम के विरुद्ध विशेष चिह्नांकन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को विकास खंड देवकली एवं सैदपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।अभियान के दौरान गठित टीम ने चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में चार दुकानों पर चार किशोर श्रमिक कार्यरत पाए गए। इस पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने निरीक्षण टिप्पणी जारी की तथा उन्हें बाल श्रम निषेध एवं विनियमन संबंधी कानूनों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों एवं आमजन को बाल श्रम के दुष्परिणामों और अभियान के उद्देश्य के बारे में जागरूक किया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में बच्चों से श्रम न कराया जाए और उन्हें शिक्षा से जोड़ते हुए नियमित रूप से विद्यालय भेजा जाए।अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार राजपूत, ज्ञानेन्द्र सिंह तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना के उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र पटेल एवं पुलिस टीम मौजूद रही।सहायक श्रम आयुक्त अभिषेक सिंह ने बताया कि जनपद में बाल श्रम के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में बाल अथवा किशोर श्रमिक कार्यरत पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि बाल श्रम रोकने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि कहीं भी किसी प्रतिष्ठान पर बाल श्रमिक कार्य करते दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराकर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य से जोड़ा जा सके।



