Breaking Newsभारत

गाजीपुर : सुरक्षा सैनिक भर्ती अभियान शुरू, पहले दिन 400 युवाओं ने लिया भाग, 195 अभ्यर्थी चयनित

सुरक्षा सैनिक भर्ती अभियान शुरू, पहले दिन 400 युवाओं ने लिया भाग, 195 अभ्यर्थी चयनित

गाजीपुर। जिले में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर एवं ऑफिसर ग्रेड भर्ती अभियान की शुरुआत हो गई है। भर्ती के पहले दिन सदर एवं बिरनो विकास खंड में आयोजित शिविर में 400 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 195 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 30 जुलाई को प्रशिक्षण के लिए जौनपुर भेजा जाएगा।जिला सूचना कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार भर्ती अभियान 17 जुलाई को भी सदर एवं बिरनो ब्लॉक में जारी रहेगा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अन्य विकास खंडों में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। 18 एवं 20 जुलाई को करंडा एवं मरदह, 21 एवं 22 जुलाई को बाराचवर एवं मुहम्मदाबाद, 23 एवं 24 जुलाई को भांवरकोल एवं जमानियां, 25 एवं 26 जुलाई को देवकली एवं रेवतीपुर, 27 एवं 28 जुलाई को कासिमाबाद एवं सैदपुर तथा 3 एवं 4 अगस्त को मनिहारी एवं जखनिया विकास खंड में भर्ती शिविर लगाए जाएंगे।डिप्टी कमांडेंट रजनीश कुमार राय ने बताया कि यह भर्ती भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत पसारा एक्ट-2005 के प्रावधानों के अनुसार एसआईएस इंडिया लिमिटेड द्वारा आयोजित की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को जौनपुर प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जहां एनडीआरएफ से संबंधित सिविल डिफेंस प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि सुरक्षा सैनिक पद के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, लंबाई 167.5 सेंटीमीटर, सीना 80-85 सेंटीमीटर, आयु 19 से 40 वर्ष तथा वजन 56 से 90 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। वहीं सुपरवाइजर पद के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण, न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर तथा आयु 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।चयनित अभ्यर्थियों को पंजीकरण के लिए 350 रुपये ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। एक माह के प्रशिक्षण के बाद उन्हें सरकारी एवं निजी संस्थानों में स्थायी रूप से सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा। नियुक्ति वाराणसी, गाजीपुर, प्रमुख होटल, रेलवे, मेट्रो, अस्पताल, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या सहित देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में की जा सकती है।भर्ती संस्था के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को नौकरी के दौरान भविष्य निधि (PF), ईएसआई, ग्रेच्युटी सहित अन्य निर्धारित सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। जिला प्रशासन ने इच्छुक बेरोजगार युवाओं से निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम विकास खंड में आयोजित भर्ती शिविर में पहुंचकर प्रतिभाग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button